Friday, April 10, 2015

यमन से घर वापसी का 'रोमांच' और ऑपरेशन राहत



अमूल विज्ञापन में यमन वापसी के अभियान को इस तरह सराहा गया
खाड़ी देश, यमन में (गृह) युद्ध जैसे मुश्किल हालात में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए जहां एक तरफ पूरी दुनिया में भारत (और भारत सरकार) की वाह-वाह हो रही है तो अपने देश में एक पूर्व-सैन्य जनरल और केन्द्रीय मंत्री के बयान ने बवाल खड़ा कर दिया है. ऐसे में मुश्किल ये है कि सरकार और सेनाओं द्वारा चलाए जा रहे अभियान की सराहना की जाए या फिर एक मुंहफट मंत्री के बयान को तवज्जो दी जाए.

       दरअसल, पिछले तीन-चार महीने से यमन में गृहयुद्ध जैसी स्थिति बनी हुई थी. शिया समर्थित हुती विद्रोहियों ने (सुन्नी) सरकार के खिलाफ जंग छेड़ रखी है. विद्रोहियों ने यमन की राजधानी सना पर कब्जा कर लिया है और राष्ट्रपति तक देश छोड़कर पड़ोसी देश सऊदी अरब भाग खड़े हुए हैं. एक के बाद एक हुती विद्रोहियों ने ऐडन (अदन बंदरगाह) और दूसरे बड़े शहरों पर अपना कब्जा जमा लिया है. शिया समुदाय के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सऊदी अरब और दूसरे अरब देशों ने हुअती विद्रोहिओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. सऊदी-अरब के नेतृत्व में खाड़ी देशों ने ‘अरब-वर्ल्ड्स’ के नाम से अपना अलग एक संगठन तैयार कर लिया है और यमन पर हमले करने शुरु कर दिए हैं. 

       दूसरी तरफ शिया-बहुल ईरान भी इस युद्ध में हुती विद्रोहियों का साथ देने का मन बना रहा है. ऐसा हुआ तो मध्य-पूर्व एशिया एक बार फिर बड़े युद्ध की आग में फंस सकता है—जैसा कि 1991 के खाड़ी-युद्ध और ईरान-इराक युद्ध के दौरान हुआ था. यमन में सऊदी सेना की गोलाबारी जारी है. लोग अपने घरों को छोड़कर भाग खड़े हुए हैं. विदेशी-मूल के लोग अपने-अपने देश वापस जा रहे हैं. सभी देश इस कोशिश में हैं कि अपने लोगों को सुरक्षित यमन से वापस बुला लिया जाए.

      जनवरी के महीने से ही भारत के विदेश मंत्रालय और यमन स्थित दूतावास ने अपने नागरिकों को देश छोड़कर जाने की एडवायजरी जारी कर दी थी. लेकिन वहां बड़ी तादाद में काम करने वाली नर्स और दूसरे लोग इस आस में रहे कि हो सकता है कि यमन के हालात सुधर जाएं. यमन में भारतीय मूल के 5500 से ज्यादा लोग रहते हैं. लेकिन स्थिति बद से बदतर होती गई. आखिरकार 30 मार्च को विदेश मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय से यमन में फंसे लोगों को निकालने के लिए मदद मांगी. रक्षा मंत्रालय ने नौसेना और वायुसेना को इस काम में लगाया और अभियान को नाम दिया ‘ऑपरेशन-राहत’ (‘ऑप-राहत’).
मानचित्र पर ऑपरेशन राहत . साभार:भारतीय नौसेना

     नौसेना के युद्धपोत अदन की खाड़ी, फारस की खाड़ी और अरब सागर के दूसरे हिस्सों में समुद्री-डाकुओं से निपटने के लिए इस क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखते हैं. नौसेना के एक ऐसे ही युद्धपोत आईएनएस सुमित्रा,  जो कि उस वक्त अरब सागर में पैट्रोलिंग कर रहा था, तुरंत अदन-बंदरगाह रवाना कर दिया गया.  31 मार्च को ही आईएनएस सुमित्रा अदन-बंदरगाह पहुंच गया और भारतीयों को निकालने के काम में जुट गया. उस वक्त यमन की राजधानी एक तरह से सना से अदन में ही शिफ्ट कर दी गई थी. लेकिन किन मुश्किल हालातों में भारतीय नौसेना, वायुसेना और एयर-इंडिया ने ऑपरेशन राहत को पूरा किया, उससे पहले एक बार यमन का भारत से कितना पुराना रिश्ता है उसके ऐतिहासिक पहलू पर नजर डाल लेते हैं.

      करीब पांच हजार साल पहले, महाभारत युद्ध के दौरान कौरवों की सेना का नेतृत्व कर रहे दुर्योधन के एक मित्र का जिक्र आता है, जो यवण का राजा था. माना जाता है कि वो यवण नरेश कोई और नहीं यमन का ही कोई राजा रहा होगा. उस (प्राचीन) काल में भारत के पश्चिम में मरुस्थल यानि अरब-देशों को यवण और वहां के रहने वाले लोगों को मलेच्छ के नाम से जाना जाता था. बताया जाता है कि इस्लाम-धर्म की स्थापना के वक्त भी यमन (यवण) अरब-देशो में सबसे संपन्न इलाकों में था. ग्रीक (ग्रीस) के प्राचीन ग्रंथो में अदन को एक संपन्न बंदरगाह के तौर पर जाना जाता था, जहां पर सामान का आदान-प्रदान (आयात-निर्यात) किया जाता था. 

       पहली सदी की ऐतिहासिक और भूगोलिक किताब, ‘पेरीप्लस ऑफ द ईराइथेरियन सी’  में भी अदन बंदरगाह का जिक्र किया गया है. किताब में लिखा गया है कि लाल सागर (रेड सी) के मुहाने पर बसा अदन बंदरगाह, पूर्व और पश्चिम देशों के बीच ट्रांसशिपमेंट का काम करता था.

       ढाई हजार साल बाद आज जब भारत को अदन-बंदरगाह की सबसे ज्यादा जरुरत थी, तो एक बार फिर वो हाथ बढ़ाने के लिए आगे आया और भारतीय नौसेना के पहले जहाज आईएनएस सुमित्रा ने 31 मार्च 2015 को भारतीयों को यमन से निकालने के लिए इसी ऐतिहासिक बंदरगाह पर अपना बेड़ा डाला. इस जहाज से 349 भारतीयों को ही निकाला जा सका.
आईएनएस मुंबई युद्धपोत पर यमन से लौटे फंसे लोग

        ऑपरेशन राहत के तहत, भारतीय नौसेना का ये जिम्मेदारी दी गई थी कि भारतीय नागरिकों को यमन से निकालने के बाद उन्हे लाल-सागर के दूसरे किनारे पर बसे अफ्रीकी देश जिबूती ले जाकर छोड़ना है. अफ्रीकी महाद्वीप के सींग (हॉर्न) पर बसे छोटे से देश जिबूती को इससे पहले कम ही भारतीय जानते थे. इससे पहले तक ये देश अमेरिका के मिलेट्री-बेस के तौर पर ही जाना जाता था. वहां से भारतीय वायुसेना के सबसे बड़े ट्रांसपोर्ट और आधुनिक विमान सी-17 ‘ग्लोबमास्टर’ से भारत लाया जायेगा. इसके लिए भारतीय नौसेना ने आईएनएस सुमित्रा के साथ-साथ दो और युद्धपोत आईएनएस मुंबई और आईएनएस तरकश को भारत से यमन के लिए रवाना कर दिया. जहाजरानी मंत्रालय ने भी इन दोनों युद्धपोतों के साथ दो नागरिक-जहाज, कोरल और कवर्ती को यमन के लिए रवाना कर दिया. वायुसेना ने अपने तीन सी-17 विमान जिबूती की तरफ रवाना कर दिए. सरकारी विमान कंपनी एयर-एंडिया ने भी अपने दो 321 जहाज जिबूती की तरफ रवाना कर दिए.

      ऑपरेशन राहत के सुचारु रुप से संचालित करने के लिए विदेश राज्य मंत्री जरनल (रिटा) वी के सिंह को जिबूती रवाना कर दिया गया.
यमन में विदेश राज्यमंत्री जनरल (रिटा) वी के सिंह
सेना में 40 साल से भी ज्यादा दिन गुजार चुके और दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी (थल) सेना के प्रमुख के तौर पर काम कर चुके जनरल वी के सिंह के पास सैन्य और कूटनीति दोनों का तर्जुबा था. इसीलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वी के सिंह को इस ऑपरेशन का मुखिया बनाया था. वी के सिंह इस ने दिन-रात जागकर इस बात को सुनिश्चित किया कि यमन से सभी भारतीयों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए. साथ ही हमारे युद्धपोत और विमानों को भी युद्धक्षेत्र में कोई नुकसान ना होने पाए. इसके अलावा वहां से निकाले गए अपने देश के लोगों को किसी तरह की की परेशानी ना हो-चाहे वो खाने की हो या फिर चिकित्सा सुविधा हो.

            पहली बार जब आईएनएस सुमित्रा अदन बंदरगार पहुंचा, तो शहर में फायरिंग और गोलाबारी साफ सुनी जा सकती थी. लेकिन नौसेना का ये युद्धपोत आधुनिक हथियारों और रडार से लैस था. और करीब साढ़े तीन सौ भारतीयों को निकालकर सुमित्रा, साढ़े चार सौ किलोमीटर दूर जिबूती पहुंच गया. इसके बाद आईएनएस मुंबई, और आईएनएस तरकश भी यमन पहुंच गए और अलग-अलग बंदरगाहों से भारतीय नागरिकों को निकालने में जुट गए. अल-शिहर और अल-हुदेदा से भी फंसे हुए नागरिकों को निकाला गया. लेकिन ये सबकुछ इतना आसान नहीं था. एक ऐसे ही फेरे के दौरान आईएनएस मुंबई अदन-पोर्ट नहीं पहुंच सका. शहर में भारी गोलाबारी हो रही थी. हालांकि, भारतीय नौसेना का ये जहाज भी आधुनिक मिसाइल टैक्नॉलोजी (मिसाइल शील्ड) से लैस था, लेकिन भारत बेवजह इस युद्ध में नहीं कूदना चाहता था. इसलिए बंदरगाह से दूर ही युद्धपोत को रोक दिया. उसके बाद छोटी-छोटी नौकाओं में लोगों को भरकर बंदरगाह से मुंबई जहाज तक पहुंचाया गया. विद्रोहियों के अल-मोकल्ला बंदरगाह पर कब्जा करने के चलते एक भारतीय जहाज को दूसरे पोर्ट का रुख करना पड़ा.

      बताया तो ये भी जा रहा है कि जिबूती सरकार इसी बात पर अपना बंदरगाह ऑप-राहत के इस्तेमाल करने के लिए इस शर्त पर राजी हुई कि पहले उसके नागरिकों को यमन से वापस लाया जाये. भारतीय नौसेना द्वारा यमन से निकाले गए विदेशी नागरिकों में जिबूती के लोग भी शामिल हैं. इसके बाद तो एक के बाद एक कई देशों ने भारत सरकार से मदद की गुहार लगानी शुरु कर दी. इनमें दुनिया का सबसे ताकतवर देश, अमेरिका भी शामिल था. पूरी दुनिया अमेरिका की मिलेट्री ताकत का लोहा मानती है. लेकिन यमन में फंसे अमेरिकी नागिरकों को भी भारत ने ही बाहर निकाला. सीएनएन और एबीसी सरीखे अंर्तराष्ट्रीय चैनल ने भारत और भारतीय सेनाओं की जमकर तारीफ की. 
घर-वापसी: जिबूती में वायुसेना के विमान में चढ़ते लोग
       एबीसी के विदेश मामलों के संपादक ने यहां तक कह डाला कि “अमेरिका अपनी सेनाओं पर भारत के मुकाबले दस गुना ज्यादा खर्च करता है फिर भी अपने नागरिकों को वहां से बाहर निकालने के लिए भारत से मदद ले रहा है वो भी तब जब कि जिबूती में अमेरिका का अपना मिलेट्री-बेस भी है. केवल अमेरिका ही नहीं, अपने कट्टर दुश्मन पाकिस्तान के नागरिकों को भी भारत ने यमन के मुश्किल हालातों से बाहर निकाला. भारतीय विदेश मंत्रालय के आंकड़ो के मुताबिक, भारत ने कुल 26 देशों के 250 से भी ज्यादा नागरिकों को यमन से निकालने में मदद की है.
     
      वायुसेना और नौसेना ने तो ऑप-राहत में बड़ा योगदान दिया ही, लेकिन सरकारी विमानन कंपनी,  एयर एंडिया ने भी इस अभियान में अहम भूमिका निभाई है. ऐसे समय में जब यमन के हवाई अड्डों तो क्या यमन के वायुमंडल के आस-पास भी कोई जहाज नहीं उड़ रहा था, तब एयर इंडिया के विमानों ने यमन की राजधानी सना के एयरपोर्ट से भारतीय और विदेशी नागरिकों को निकालने का दम भरा था. यहां ये बात दीगर है कि इस ऑपरेशन में ‘बैक चैनल’ भी काफी काम कर रहे थे. खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑप-राहत के शुरु करने स पहले सऊदी अरब के राष्ट्रपति से बात की थी. क्योंकि सना एयरपोर्ट माना जा रहा था कि सऊदी सेना के कब्जे में था. वहां से उड़ान भरने के लिए सऊदी अरब की मदद चाहिए थी. वायुसेना के मिलेट्री एयरक्राफ्ट का गृहयुद्ध के दौरान इस क्षेत्र में उड़ान भरना खतरे से खाली नहीं था. इसलिए नागरिक विमानों को ही सना एयरपोर्ट से ऑपरेट किया गया. शायद यही वजह है कि जिबूती में मिलेट्री बेस होते हुए भी अमेरिका ने अपने सैन्य विमानों को यमन में नहीं उतारे.
 
अंतर्राष्ट्रीय मीडिया में ऑप-राहत की सराहना
      सबकुछ लगभग ठीक-ठाक चल रहा था कि इसी बीच ऑपरेशन राहत की जिबूती में कमान संभाल रहे विदेश राज्यमंत्री जनरल (रिटा) वी के सिंह ने ये कहकर सनसनी फैला दी कि ये अभियान उनके हाल ही में पाकिस्तानी हाई कमिशन के दौरे से कम रोमांचकारी है. दरअसल, कुछ दिनों पहले ही पाकिस्तान-दिवस के मौके पर वी के सिंह को विदेश मंत्रालय का जूनियर मंत्री होने के नाते पाकिस्तान दूतावास जाना पड़ा था. वहां से लौटते ही उन्होनें अपने ट्वीटर एकाउंट पर कुछ ऐसी टिप्पणियां की थी, जिसे देखकर लगता था कि उन्हे वहां जाना पसंद नहीं था, लेकिन उन्हे जबरदस्ती वहां भेजा गया था. यानि ना चाहते हुए भी वी के सिंह को अपनी ड्यूटी निभाने के लिए पाक हाई कमिशन जाना पड़ा था. उसको लेकर भारतीय मीडिया में बवाल अभी शांत भी नहीं हुआ था कि उन्होनें ‘रोमांचकारी’  बयान दे डाला. 

     जानकारों की मानें तो, वी के सिंह इस बात से नाराज थे कि उनके काम की भारतीय मीडिया में सराहना क्यों नहीं हो रही है. लेकिन इसके लिए खुद सरकार या फिर उनका (विदेश) मंत्रालय जिम्मेदार था जो मीडियाकर्मियों को वहां जाने में मदद नहीं कर रहा था. या फिर ये हो सकता था कि वी के सिंह यहां (जिबूती) भेजे जाने और ऑप-राहत की दी गई जिम्मेदारी से खुश नहीं थे.

     अंग्रेजी चैनल टाईम्स नाऊ ने वी के सिंह के ‘रोमांचकारी’ बयान को अभद्र मानते हुए ‘चलाना’ शुरु कर दिया. इस बात पर वी के सिंह भड़क उठे और टाईम्स-नाऊ चैनल के संपादक अर्नब गोस्वामी के लिए ट्वीटर पर ‘प्रेस्टीट्यूट’ शब्द का इस्तेमाल कर डाला. इस द्वीअर्थी शब्द का असल मतलब होता है सरकार के प्रति झुकाव या फिर पक्षपाती. लेकिन इसका एक अर्थ वेश्या या फिर बाजारु भी निकलता है. एक जाने-माने चैनल और लोकप्रिय संपादक के लिए इस तरह के शब्द इस्तेमाल किए जाने से मीडिया का नाराज होना लाजमी था. सो मीडिया का एक बड़ा हिस्सा वी के सिंह के पीछे पड़ गया—हालांकि कुछ चैनल ने इसमें कुछ गलत नहीं माना और वे वी के सिंह के काम की जमकर तारीफ कर रहे थे.

स्वागत:ऑपरेशन राहत खत्म होने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट की तस्वीर
     लेकिन ये पहला ऐसा मामला नहीं है जब, वी के सिंह अपने बेबाक बयान और ट्वीट के जरिए विवादों मे फंसे हैं. सेना-प्रमुख के पद पर रहते हुए अपनी उम्र-विवाद को लेकर सरकार (और रक्षा मंत्रालय) के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट चले जाने से लेकर रिश्वत की पेशकश और तख्ता पलटने की खबरों के जरिए वी के सिंह हमेशा (गलत) कारणों से सुर्खियां बंटोरते रहे हैं. मंत्री बनाए जाने के बाद भी उन्होनें तत्कालीन सेना प्रमुख के लिए ट्वीटर पर अपशब्द कहे और अपनी ही सरकार को मुश्किल में डाल दिया. कुछ जानकारों को मानना है कि वी के सिंह विदेश मंत्रालय में जूनियर मंत्री के पद से खुश नहीं है, इसलिए वे अनाप-शनाप बोलकर इस मंत्रालय से निकलकर कोई स्वतंत्र मंत्रालय की चाहत लगाए बैठे हैं. हकीकत कुछ भी हो, लेकिन ऑपरेशन राहत के जरिए भारत, भारत-सरकार और सेना ने जितनी भी वाहवाही लूटी थी, उसकी वी के सिंह के ‘रोमांच’ ने किरकरी जरुर कर दी है. यहां ये बात भी दीगर है कि अगर इस अभियान की तुलना 1991 के खाड़ी युद्ध से करेंगे तो पायेंगे कि ये ऑपरेशन उस के मुकाबले कुछ भी नहीं है. उस वक्त 1.76 लाख लोगों को भारत ने खाड़ी देशों से बाहर निकाला था. जबकि ऑप-राहत में मात्र 5600 भारतीयों को ही अबतक स्वेदश वापस लाया गया है.

Sunday, March 8, 2015

प्रथम विश्वयुद्ध: अमेरिकी हथियार, अंग्रेज अफसर और हिंदुस्तानी जवान


कहते हैं किसी सेना में अगर अंग्रेज अफसर हो,अमेरिकी हथियार हों  और हिंदुस्तानी सैनिक हों तो उस सेना को युद्ध के मैदान में हराना नामुमिकन है.
वीरगाथा: साथी अंग्रेज अफसरों के साथ हिंदु्स्तानी जवान
 प्रथम विश्वयुद्ध (1914-1918) में भारतीय सैनिकों ने एक अहम भूमिका निभाई थी। इस 'महायुद्ध' में ब्रिटिश सेना की तरफ से कुल 15 लाख भारतीय सैनिकों ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में कई प्रमुख लड़ाईयों में हिस्सा लिया था। ना केवल हिस्सा लिया बल्कि ‘मित्र-देशों’ की जीत में अह्म भूमिका निभाई थी। पांच साल तक चले इस 'ग्रेट-वॉर' में करीब 75 हजार भारतीय सैनिक शहीद हुए थे। 60 हजार से ज्यादा घायल हुए या अपंग हो गए थे। बड़ी तादाद में भारतीय सैनिक गायब हो गए थे। विश्वयुद्ध के सौ साल पूरे होने के मौके पर भारतीय सेना इन्ही वीर सैनिकों के बलिदान और साहस को ‘शताब्दी समारोह’ के तौर पर याद करना चाहती है। क्योंकि ये सैनिक भले ही किसी दूसरे देश (ब्रिटेन) के लिए, किसी दूसरे देश (फ्रांस, बेल्जियम, ईस्ट अफ्रीका, मेसोपेटामिया, चीन) में जाकर लड़ थे, लेकिन उन्होनें एक वीर सैनिक का फर्ज पूरा किया था।

         
ब्रिटेन और दूसरे ‘मित्र-देशों’ ने शताब्दी-वर्ष को पिछले साल (2014) से ही मनाना शुरू कर दिया था। लेकिन शुरूआत में भारतीय सेना और सरकार इस हिचकिचाहट में थी कि अगर भारत में इस जीत का जश्न मनाया गया तो ऐसा ना लगे कि हम अंग्रेजों की जीत को मना रहे हो। जो भारत की राष्ट्रवादी सोच के खिलाफ थी। क्योंकि जब ये ‘महायुद्ध’ लड़ा गया था तो उस वक्त भारत पर अंग्रेजी-शासन था।
     लेकिन जब भारतीय सेना ने नई (मोदी) सरकार के सामने शताब्दी-वर्ष मनाने का प्रस्ताव रखा तो इसके लिए हरी झंडी मिल गई। भारतीय सेना इस युद्ध को ‘मित्र-देशों’ की जीत के तौर पर नहीं बल्कि भारतीय सैनिकों की इस युद्ध में अहम भूमिका के तौर पर मना रही है।
        वैसे तो प्रथम विश्वयुद्ध के कई कारण थे, जिनमें ब्रिटेन की दुनिया के एक बड़े हिस्से में हूकुमत (या साम्राज्यवाद), ब्रिटिश-नौसेना का समंदर पर दबदबा, जर्मनी की ब्रिटेन से बढ़ती जलन (दुश्मनी) शामिल थे. लेकिन युद्ध का त्वरित कारण बना आस्ट्रिया-हंगरी साम्राज्य के राजकुमार (वारिस) की सर्बिया के एक नौजवान द्वारा बोस्निया में हत्या. इस हत्या से गुस्साएं आस्ट्रिया ने सर्बिया पर हमला बोल दिया. जर्मनी ने इस य़ुद्ध में आस्ट्रिया का साथ दिया, वहीं रशिया जर्मनी के खिलाफ हो गया. जब फ्रांस ने जर्मनी का विरोध किया तो रशिया और जर्मनी एक साथ हो गए. ब्रिटेन को युद्ध में इसलिए कूदना पड़ा क्योंकि जर्मनी ने बेल्जियम पर आक्रमण कर दिया था. इटली ने जर्मनी का साथ दिया.
     इस तरह से एक तरफ हो गए ब्रिटेन, फ्रांस और रशिया (‘ट्रिपल एनटन्टैटे’ यानि त्रिपक्षीय समझौता) जिन्हे ‘मित्र-देशों’ या 'सहयोगी-देशों' के नाम से जाना गया और दूसरी तरफ थे जर्मनी, आस्ट्रिया-हंगरी और इटली, जिन्हे 'सेन्ट्रल-पॉवरर्स' (तीनों ही देश यूरोप के बीच में स्थित थे) के नाम से जाना गया. ये दोनों गठबंधन हीं सैन्य-गठजोड़ थे. युद्ध के बीच में अमेरिका ने भी मित्र-देशों का साथ दिया. अमेरिका के हथियारों ने भी खासतौर से पहली बार अपना जौहर इसी महायुद्ध में दिखाया.
      विश्वयुद्ध शुरु हुआ तो जर्मनी का पलड़ा भारी दिखाई देने लगा. जर्मनी के हथियार ब्रिटेन और फ्रांस के हथियारों से बीस साबित हुए. फ्रांस पर जर्मनी का कब्जा होने लगा. ब्रिटेन और फ्रांस की सेना भी कम पड़ने लगी. ये देखते हुए जल्दबाजी में ब्रिटेन ने भारतीय सैनिकों की भर्ती शुरु कर दी. पूरे युद्ध के दौरान ब्रिटिश-सेना में कुल 15 लाख भारतीय सैनिकों को शामिल किया गया. इनमें से सबसे ज्यादा पंजाब के जवान शामिल थे. भारतीय-रियासतों ने भी अपने सैनिक अंग्रेजी सेना के साथ लड़ने के लिए यूरोप भेज दिए. भारत की तरफ से कुल 12 केवलरी रेजीमेंटस और 13 इंफैंट्री रेजीमेंटस सहित कई यूनिटों ने युद्ध में अपना योगदान दिया.
यूरोप के एक शहर में मार्च-पॉस्ट करती सिख बटालियन
      एक अनुमान के मुताबिक, भारतीय वालंटियर सेना की संख्या कनाडा, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के कुल सैनिकों से भी ज्यादा थी. ये सभी देश भी उस वक्त ब्रिटिश अधिराज्य थे और सभी ने अपने देश के सैनिकों को भी अंग्रेजी सेना के साथ लड़ने के लिए भेजे था. माना जाता है कि अंग्रेजों की तरफ से लड़ने वाला हर छठा सैनिक भारतीय था. 
      भारतीय सैनिकों की तैनाती सबसे पहले फ्रांस और बेल्जियम में ही की गई, जहां जर्मन-सेना ने ब्रिटिश और फ्रांस की सेना के पांव उखाड़ दिए थे. लेकिन भारतीय सैनिकों की मैदान में कूदते ही पासा पलट गया. ये सभी भारतीय सैनिक अंग्रेजी अधिकारियों के नेतृत्व में मैदान में लड़ाई लड़ रहे थे. य्प्रेस (बेल्जियम) और न्यूवे-चैपल (फ्रांस) की लड़ाई में भारतीय सैनिक सूती कपड़े की यूनिर्फाम पहने और हाथों में .303 राइफल लेकर ऐसे लड़े की दुश्मनों के दांत खट्टे हो गए. इन दोनों लड़ाईयों में दो भारतीयों की बहादुरी को देखते हुए युद्ध का सबसे बड़ा मेडल विक्टोरिया-क्रॉस दिया गया. ये दोनों बहादुर सैनिक थे गब्बर सिंह नेगी (न्यूवे चैपल की लड़ाई) और खुदादद खान (य्प्रेस की लड़ाई).
  
युद्ध के मैदान में पहली बार जहीरीली गैस का इस्तेमाल
      पहली बार भारतीय सैनिकों ने .303 राइफल के अलावा, मशीनगन, तोप, टैंक, हैंड-ग्रैनेड जैसे हथियारों को इस्तेमाल किया तो लैंड-माइंस, कटीली तारों के युद्ध-मैदान और जहरीली-गैस से भी दो-दो हाथ किए. युद्ध के मैदान में जर्मनी ने जब जहरीली-गैस का इस्तेमाल किया तो भारतीय सैनिकों ने अपने पेशाब में ही गीले किए कपड़ों को अपने मुंह पर बांधकर लड़ाई लड़ी. पहली बार ही भारतीयों ने हवाई युद्ध में भाग लिया. युद्ध के दौरान हवाई जहाज उड़ाने का मौका मिला. हवाई युद्ध में फाईटर-पायलट के तौर पर भाग लेने वाले लेफ्टिनेंट हरदित सिंह मल्लिक, ले. इंद्रा लाल रॉय, ले. एस जी वेलिंगकर और ले. ईरोल चंद्र सेन को आज भी याद किया जाता है.
     
      भारतीय सैनिकों की तैनाती सिर्फ यूरोप में ही नहीं की गई. बेल्जियम और फ्रांस के बाद भारतीय सैनिकों ने टर्की (गैलीपोली की लड़ाई), मैसोपोटामिया (ईराक), ईरान, फिलीस्तीन, पूर्वी अफ्रीका और सुदूर-पूर्व में भी अपनी बहादुरी, निष्ठा और बलिदान का अनूठा परिचय दिया.
बलिदान: विक्टोरिया कॉस गब्बर सिंह नेगी
     भारतीय एकीकृत रक्षा मुख्यालय (सेना) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, प्रथम विश्वयुद्ध में कुल 11 भारतीय सैनिकों को विक्टोरिया क्रॉस मेडल से नवाजा गया था. विश्वयुद्ध में आमने-सामने की लड़ाई में शत्रु को दिखाई बहादुरी के लिए भारतीय सैनिकों को दिया जाने वाला ये सर्वोच्च सैन्य अलंकरण था. इसके अलावा पांच (05) मिलेट्री-कॉस, 973 आईओएम (यानि इंडियन ऑर्डर ऑफ मेरिट) तथा 3130 आईडीएसएम (इंडियन डिस्टिंगुइश सर्विस मेडल) सहित कुल 9200 बहादुरी पुरस्कार अकेले भारतीय सैनिकों को दिए गए.
     इस महायुद्ध में कुल 15 लाख भारतीय सैनिकों ने भाग लिया (जो आज की भारतीय सेना के 13 लाख के आंकड़े से भी ज्यादा है). जिनमें से कुल 74,362 शहीद हो गए. मेजर-जनरल ईयान कारडोजो और ऋषि कुमार ने अपनी कॉमिक-बुक ‘इंडिया इन वर्ल्ड वॉर-1’ में लिखा है कि प्रथम विश्वयुद्ध में कुल एक लाख सैतीस हजार (1,37,000) भारतीय सैनिक घायल या फिर अपंग हो गए थे. दोनों के मुताबिक, 30 हजार से ज्यादा सैनिकों का तो युद्ध के दौरान कोई अता-पता ही नहीं चला, यानि सेना की फाईलों में वे आजतक गुमशुदा के तौर पर शामिल हैं.
     ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि भारतीय सैनिकों के इस ‘यूरोपीय-युद्ध’  में लड़ने से क्या हासिल हुआ. एक अनुमान के मुताबिक, इस युद्ध में हमारे हजारों नौजवान तो शहीद हुए ही, अंग्रजों ने हमारे देश की धन-संपदा भी इस युद्ध में झोंक दी. इतिहासकार सुमित सरकार के मुताबिक, इस युद्ध से अंग्रेजों ने भारत में अपना रक्षा-खर्च 300 प्रतिशत तक बढ़ा दिया था. जिसका मतलब सीधा-सीधा था कि आम भारतीय पर इस युद्ध का भारी बोझ. रोजमर्रा की वस्तुएं मंहगी हो गईं. इस युद्ध के दौरान, ब्रिटिश सरकार ने भारतीयों पर अतिरिक्त कर और टैक्स लाद दिए. देशवासियों के खाने-पीने का सामान, अनाज और रसद तक युद्ध के मैदानों में पहुंचाया जाने लगा. आयात हुए चीजों के दामों में भारी बढ़ोतरी हो गई. किसानों पर राजस्व-टैक्स बढ़ा दिया गया.
निष्ठा: न्यूवे-चैपल में भारतीय फौज
      लेकिन इन सबमें भी भारतीयों को कहीं ना कहीं फायदा मिला. पहला तो ये कि भारतीयों ने अंग्रेजों हूकुमत की इस मुश्किल घड़ी में आजादी का अवसर ढूंढ लिया. हालांकि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने खुद भारतीयों को इस युद्ध में भाग लेने के लिए आहवान किया था. 1915 में भारत लौटने से पहले उन्होनें खुद दक्षिण अफ्रीका में युद्ध (बोअर-युद्ध) में घायल हुए सैनिकों के लिए एंबुलेंस चलाई थी, लेकिन भारत आने के बाद ब्रिटिश कर-व्यवस्था के खिलाफ किसानों के लिए खेड़ा और चंपारण जैसे सत्याग्रह चलाए. इन दोनों आंदोलन ने भारत में अंग्रेजी-राज खत्म करने के लिए पहली कील ठोकने का काम किया था. विश्वयुद्ध के दौरान होम-रुल और स्वराज की मांग बढ़ने लगी. जगह-जगह ब्रिटिश-राज के खिलाफ छोटे-छोटे विद्रोह होने लगे. पंजाब में गदर-मूवमेंट ने जगह बना ली. ब्रिटेन के खिलाफ विदेश में रह रहे भारतीयों ने अपनी आवाज उठानी बुलंद करनी शुरु कर दी. इस सबका परिणाम ये हुआ कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम ने जोर पकड़ लिया और आखिरकार 1947 में भारत को पूर्ण आजादी प्राप्त हो गई.
     सैन्य विरासत के तौर पर अगर इस विश्वयुद्ध को गौर से देखा जाए तो पता चलता है कि भारतीय सेना को प्राप्त हुई (सच्ची) निष्ठा. “ एक बहु-भाषी, बहु-प्रजातीय निष्ठावान सेना ने पराजय के भय के बगैर अपने फर्ज को अंजाम दिया... यह सच्चे भारतीय मूल्यों का प्रर्दशन था.”
समपर्ण: यूरोप के शहरों में हिंदुस्तानी सैेनिकों का स्वागत
     ऐसे में युद्ध के वक्त अपने देश से दूर परदेश में लड़ रहे एक सैनिक द्वारा चिठ्ठी में लिखा गया था, “ यदि मैं यहां मारा गया तो कौन मुझे याद करेगा ?” यही वजह है कि शताब्दी-वर्ष में “ अंग्रेजों की ओर से लड़ने वाले एक वीर भारतीय सैनिक के ये मनोभाव हमें उसके जीवन की अनकही गाथा सुनने, उसके बहादुरी, बलिदान एवं समर्पण को याद करने के लिए उत्सुक कर देते हैं.” वर्षों तक इन बहादुर सैनिकों की अनकही गौरव गाथा को ना तो कोई कहने वाला था और ना ही सुनने वाला. लेकिन देश में ‘राष्ट्रवादी (मोदी) सरकार’ बनने के बाद कम से कम इन सैनिकों की सुध लेने वाला तो कोई है.
    
राष्ट्र-सर्वोपरि:इंडिया गेट पर शहीदों को श्रृदांजलि अर्पित करते पीएम मोदी
यहां ये बात दीगर है कि राजधानी दिल्ली स्थित इंडिया-गेट अंग्रेजों ने प्रथम विश्वयुद्ध में शहीद हुए भारतीय सैनिकों की याद में वॉर-मेमोरियल के तौर पर सन् 1931 में बनवाया था. इसके अलावा दिल्ली के लुटियन जोन में स्थित
‘तीन-मूर्ति’ भी विश्वयुद्ध में तीन भारतीय रियासतों, हैदराबाद, मैसूर और जोधपुर के योगदान के तौर पर बनवाई गईं थी. इसी तरह के युद्ध-स्मारक भारतीय सैनिकों की याद में फ्रांस के न्यूवे-चैपल और बेल्जियम के य्प्रेस में आज भी मौजूद हैं.
    
     प्रथम विश्वयुद्ध के सौ साल पूरे होने के मौके पर भारतीय सेना शहीद सैनिकों की याद में इस साल (2015) को शताब्दी-वर्ष के तौर पर मना रही है। इसके लिए 9-13 मार्च तक राजधानी दिल्ली में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।जिसमे प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से लेकर करीब डेढ़ दर्जन देशों के गणमान्य व्यक्ति और राजनयिक शिरकत कर रहे हैं। फ्रांस के सेना प्रमुख खुद इस समारोह में शिरकत करने वाले हैं. इंडिया गेट स्थितअमर जवान ज्योति पर शहीदों को श्रृदांजलि अर्पित की जायेगी. दिल्ली कैंट स्थित मानेकशॉ सेंटर में बनाया गया है विश्वयुद्ध का म्यूजियम, जिसका उद्घाटन खुद राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी करेंगे, जो सशस्त्र सेनाओं के सुप्रीम कमांडर भी हैं. इस संग्राहलय में ग्रेट-वॉर से जुड़े हथियार, यूनिफॉर्म और वॉर-ट्रॉफी रखी गई हैं. युद्ध के मैदान की रेप्लिका, जिसमें ट्रैंच यानि खाई, सैनिकों की युद्ध-शैली, संचार माध्यम, जीवनशैली को हूबहू इस म्यूजियम में तैयार किया गया है.
फुट नोट्स:
1. जनरल ईआन कारडोजो और ऋषि कुमार की  'इंडिया इन वर्ल्ड वॉर-वन  मेजर' 
2. एकीकृत रक्षा मुख्यालय (सेना) की 'शताब्दी-100 ईयर्स':  
3. बिपन चंद्रा की 'भारत का स्वतंत्रता संग्राम' 
4. सुमित सरकार की 'मार्डन इंडिया 1885-1947'