Tuesday, May 21, 2019

फॉग ऑफ वॉर और बडगाम हेलीकॉप्टर क्रैश


श्रीनगर के करीब बडगाम में हेलीकॉप्टर क्रैश मामले में वायुसेना के सूत्रों का दावा है कि जांच में अगर कोई अधिकारी दोषी पाया गया तो उसे सख्त से सख्त सजा दी जायेगी. साथ ही मामले की कोर्ट ऑफ इंक्वायरी ना केवल इस घटना के दोषियों को सजा देगी बल्कि भविष्य में ऐसी घटना ना हो जिसमें अपनी ही फायरिंग से अपने किसी विमान या हेलीकॉप्टर को मार गिराया जाये इसके लिए भी नए मापदंड तैयार करेगी. इसके साथ ही श्रीनगर एयर-बेस के एयर-आफिसर कमांडिंग का तबादला कर दिया गया है. 

आपको बता दें कि बालाकोट एयर-स्ट्राइक के अगले दिन यानि 27 फरवरी को जिस वक्त पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने एलओसी पर भारत के सैन्य-ठिकानों और गोला-बारूद स्टोर पर हमला करने की कोशिश की थी उसी दौरान श्रीनगर के करीब बडगाम में भारतीय वायुसेना का एक एमआई-17 हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था. इस घटना में हेलीकॉप्टर के पायलट समेत सभी छह क्रू-मेम्बर्स की मौत हो गई थी. एक सिविलयन की भी जान चली गई थी. भारतीय वायुसेना ने इस घटना की कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया था. हालांकि शुरूआत से ही इस घटना को माना जा रहा थ कि ये हेलीकॉप्टर 'फ्रेन्डली फायरिंग' का शिकार हुआ है, लेकिन भारतीय वायुसेना ने ये कहकर कुछ नहीं कहा था कि जांच जारी है. लेकिन अब इस मामले से जुड़ी जानकारियां सामने आने लगी हैं. माना जा रहा है कि श्रीनगर एयर-बेस के एओसी का तबादला भी इसी कड़ी से जोड़ कर देखा जा रहा है, जबकि वायुसेना का कहना है कि ये एक रूटीन पोस्टेड-आऊट (यानि ट्रांसफर) है. 

जानकारी के मुताबिक, जिस वक्त पाकिस्तानी वायुसेना ने एलओसी पर भारत की एयर-स्पेस में घुसकर हमला करने की कोशिश थी उसी वक्त श्रीनगर एयरबेस से एक एमआई-17 हेलीकॉप्टर उड़ा था. लेकिन कुछ ही मिनट बाद वो हेलीकॉप्टर श्रीनगर के करीब बडगाम में क्रैश हो गया था. दुर्घटना के तुरंत बाद ही एबीपी न्यूज की टीम मौके पर पहुंच गई थी. उस वक्त ही जिस गांव के करीब ये हेलीकॉप्टर गिरा था वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया था कि गिरने से पहले उन्होनें एक बम जैसी आवाज सुनी थी जिसके बाद ही हेलीकॉप्टर नीचे गिरा था. हालांकि, पायलट ने गांव से बचाकर एक खेत में हेलीकॉप्टर को उतारने की कोशिश की थी जिसमें थोड़ा पानी थी. लेकिन नीचे नीचे आते आते हेलीकॉप्टर पूरी तरह से आग के हवाले हो चुका था और उसमें मौजूद सभी क्रू-मेम्बर्स पूरी तरह से जल चुके थे., बामुश्किल ही उनके शवों को निकाला गया था. इस दौरान उनकी मदद करने के लिए आया गांव का एक युवक भी आग की चपेट में आया और उसकी भी मौत हो गई थी. 

सूत्रों के मुताबिक, जब श्रीनगर से ये हेलीकॉप्टर उड़ा तो इसका आईएफएफ-ट्रांसपोंडर यानि 'आईडिंंटिफिकेशन ऑफ फ्रैंड ऑर फो' आन नहीं था, जिसके चलते श्रीनगर एयरबेस के वेपन-टर्मिनल को पता नहीं चल पाया कि ये दुश्मन का विमान है या अपना. दुश्मन का यूएवी समझकर वायुसेना के वेपन-टर्मिनल ने इसपर इजरायली (सतह से हवा में मार करने वाली) स्पाईडर मिसाइल दाग दी, जिससे ये हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया. 

सूत्रों के मुताबिक, श्रीनगर एयर-बेस के एओसी को इसलिए ट्रांसफर किया गया है क्योंकि उन्होनें युद्ध जैसे हालात (बालाकोट एयर-स्ट्राइक के दौरान पूरी वायुसेना फुल अलर्ट पर थी) में भी हेलीकॉप्टर का आईएफएफ क्यों नहीं ऑन कराया था. तबादला इसलिए भी किया गया है क्योंकि श्रीनगर से उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही एटीसी ने हेलीकॉप्टर को वापस आने का निर्देश दे दिया था, लेकिन एयर-बेस के वैपन-टर्मिनल ने इसे दुश्मन का यूएवी समझकर मिसाइल दाग दी. यानि एटीसी और वैपन-टर्मिनल के बीच युद्ध के हालात में भी समन्वय नहीं था. ये एओसी की तरफ से एक बड़ी लापारवाही मानी जा रही है. माना जा रहा है कि इस घटना में एओसी सहित कुल चार अधिकारी जांच के दायरे में हैं. 

वायुसेना के सूत्रों ने साफ कर दिया कि दोषी अधिकारी 'फॉग ऑफ वॉर' का फायदा नहीं उठा सकते हैं. क्योंकि फॉग ऑफ वॉर के दौरान भी वायुसेना की अपनी एसओपी (य़ानि स्टैंडर्ड ओपरेटिंग प्रोसिजर) हैं. लेकिन ऐसा लगता है कि इन एसओपी का ध्यान नहीं रखा गया जिसके चलते ही इतना बड़ा हादसा हुआ. लेकिन सूत्रों का साफ कहना है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जायेगी अगर कोर्ट ऑफ इंक्वायरी में दोषी पाये गए. माना जा रहा है कि उनकर गैर-इरादतन हत्या के तहत कोर्ट मार्शल की कारवाई भी की जा सकती है. 

वायुसेना के प्रवक्ता ने हालांकि कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का हवाला देकर कहा है कि जबतक जांच पूरी नहीं हो जाती इस मामले पर आधिकारिक तौर से कुछ भी नहीं कहा जा सकता है. 

सूत्रों के मुताबिक, बडगाम हेलीकॉप्टर घटना की जांच में देरी इसलिए हो रही है क्योंकि क्रैश के बाद से हेलीकॉप्टर का ब्लैक-बॉक्स गायब है. पुलिस और वायुसेना के अधिकारियों को घटना की जगह से हेलीकॉप्टर का मलबा बरामद हुआ था उसमें ब्लैक-बॉक्स नहीं था. इसलिए पूरी मामले की जांच परिस्थितिजनक-साक्ष्यों के हिसाब से की जा रही है.

Wednesday, May 15, 2019

पैरा-एसएफ, गरूड़ और मार्कोस कमांडोज़ अब मिलकर करेंगे सर्जिकल-स्ट्राइक


देश की पहली स्पेशल फोर्स कमांडोज़ की एक अलग (और खास) डिवीजन को हरी झंडी मिल गई है. स्पेशल फोर्स ऑपरेशन्स डिवीजन नाम की इस यूनिट का पहला चीफ, मेजर जनरल अशोक ढींगरा को बनाया गया है. खास बात ये है कि एसएफओडी यूनिट में थलसेना के पैरा-एसएफ कमांड़ोज़ के साथ साथ वायुसेना के गरूड़ और नौसेना के मरीन कमांड़ोज़ यानि मार्कोस भी हिस्सा होंगे. ये यूनिट देश के लिए जरूरी खास मिशन को अंजाम देगी. युद्ध की स्थिति में इसे दुश्मन देश की सीमा में घुसकर सर्जिकल-स्ट्राइक जैसे ऑपरेशन करने के लिए इस्तेमाल किया जायेगा.

देश के बेहतरीन कमांडोज़ वाली ये यूनिट रक्षा मंत्रालय के अंर्तगत सीधे काम करने वाले इंटीग्रेटड डिफेंस स्टाफ (आईडीएस) के तहत ऑपरेट करेगी. आईडीएस का चीफ एक लेफ्टिनेंट-जनरल रैंक का अधिकारी होता है. पिछले साल तीनों सेनाओं के साझा सैन्य-कमांर्डस कांफ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस खास डिवीजन को बनाने का रास्ता साफ किया था. इसके अलावा तीनों सेनाओं में बेहतर तालमेल और समन्वय के लिए एक साझा डिफेंस साईबर एजेंसी और एक स्पेस एजेंसी बनाने को भी मंजूरी मिल चुकी है. 

एसएफओडी का चीफ थलसेना से होगा, तो साईबर एजेंसी की मुखिया नौसेना से होगा और स्पेस एजेंसी का नेतृत्व वायुसेना का एक टू-स्टार अधिकारी करेगा. हाल ही में नौसेना ने इस ट्राई-सर्विस साईबर एजेंसी का चीफ, रियर एडमिरल मोहित गुप्ता को नियुक्त किया था. माना जा रहा है कि जल्द ही वायुसेना भी स्पेस एजेंसी का चीफ, एयर वायस मार्शल एस पी धरकड़ को बनाया जायेगा।

जानकारी के मुताबिक, यूएस और दूसरे देशों की तर्ज पर ही एसएफओ़डी को तैयार किया जायेगा. मेजर-जनरल अशोक ढींगरा को इस साल के अंत तक अपनी खास ऑपरेशन डिवीजन का हेडक्वार्टर संरचना, ट्रैनिंग, हथियार और दूसरी मूल-भूत सुुविधाओं के बारे में पूरी रिपोर्ट आईडीएस मुख्यालय में पेश करनी है.
माना जा रहा है कि इसका मुख्यालय दिल्ली से बाहर आगरा, नाहन या फिर बेलगाम में हो सकता है जहां पर पहले से ही थलसेना के पैरा-एसएफ ट्रैनिंग सेंटर हैं (बहुत हद तक मुमकिन है कि मुख्यालय आगरा में होगा, जहां कमांडो़ज़ की हवाई ट्रैनिंग भी आसानी से हो सकती है). मेजर जनरल ढींगरा खुद एक पैरा कमांडो हैं और आगरा स्थित पैरा-ब्रिगे़ज की कमान संभाल चुके हैं. इसके अलावा वे यूएस में भारत के डिफेंस-अटैचे रह चुके हैं. श्रीलंका में आईपीकेएफ (शांति सेना) का भी हिस्सा थे.

एक लंबे समय से देश के स्पेशल फोर्स कमांडोज़ की साझा यूनिट की जरूरत थी. जैसाकि कश्मीर में वूलर-लेक और मणिपुर की लोकटक लेक में मरीन कमांडोज़ की जरूरत पड़ती थी, जबकि वहां थलसेना की मौजूदगी है. ऐसे में एसएफओडी ऐसी जगह पर काम करेगी (देश के भीतर और जरूरत पड़ने पर बाहर भी) जहां कही पैरा-एसएफ के साथ साथ मार्कोस की भी जरूरत पड़ती हो. इसके लिए ही हाल में अंडमान निकोबार द्वीप पर तीनों सेनाओं के कमांडो़ज़ ने बुल-स्ट्राइक नाम का एक साझा युद्धभ्यास किया था. अंडमान कमान भी आईडीएस के अंतर्गत काम करती है. 

माना जा रहा है कि एस डिवीजन में तीनों सेनाओं का अनुपात 5:3:2 का होगा. यानि 50 प्रतिशत थलसेना के कमांजोज़ होंगे, तो तीस प्रतशित वायुसेना (के गरूड़) और 20 प्रतिशत नौसेना के मार्कोस.शुरूआत में माना जा रहा है कि इस डिव में करीब 3000 कमांडोज़ होंगे, जिसमें करीब करीब दो हजार पैरा-एसएफ से होंगे और बाकी एक हजार नौसेना और वायुसेना से होंगे (आपको बता दें कि वायुसेना ने पठानकोट आतंकी हमले के बाद ही अपनी गरूड़ कमांडो टीम को खड़ा करने में तेजी लाई है). फिलहाल थलसेना में करीब करीब 6000 पैरा-एस कमांडोज़ है और नौसेना और वायुसेना में करीब करीब एक-एक हजार कमांडोज हैं. 

आपको बता दें कि पैरा-एस कमांडो़ज़ ने ही वर्ष 2106 में पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल-स्ट्राइक की थी और 2015 में म्यांमार सीमा पर उग्रवादी कैंपों के खिलाफ क्रॉस-बॉर्डर रेड की थी. एसएफओडी के बनने के बाद भी तीनों सेनाओं की स्पेशल फोर्सेज़ यूनिट्स अपना अपना काम करती रहेंगी. क्योंकि तीनों सेनाओं के अपने अपने कार्य-क्षेत्र हैं. एसएफओडी के कमांडोज़ तभी ऑपरेशन करेंगे जहां एक साथ दो या दो से ज्यादा तरह के कमांडो़ज़ की जरूरत होगी. जैसाकि किसी झील में या फिर समंदर में या फिर किसी आईलैंड पर कोई ऑपरेशन करना होगा, तभी एसएफओडी के कमांडोज़ की क्रेक-टीम अपने मिशन को अंजाम देंगी. 

Tuesday, May 14, 2019

अभिनंदन की स्कॉवड्रन को मिला 'फाल्कन स्लेयर्स' का तमगा !


पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने वाली भारतीय वायुसेना की श्रीनगर स्थित 51वीं स्कॉवड्रन को अब 'फाल्कन स्लेयर्स' के नाम से भी जाना जायेगा। अभी तक मिग-21 बायसन फाइटर जेट वाली इस‌ स्कॉवड्रन को 'स्वार्ड आर्म' के नाम से जाना जाता है। लेकिन क्योंकि भारत के मिग21 बायसन जेट ने पाकिस्तान के एफ16 (जिसे 'फाल्कन' के नाम से भी जाना जाता है) मार गिराया था‌ इसलिए अब इसे फाल्कन का 'स्लेयर' यानि 'बध' करने वाली स्कॉवड्रन‌ के नाम से भी जाना जायेगा। 

आपको बता दें कि 27 फरवरी को पाकिस्तानी वायुसेना के हमले को नाकाम करने के वक्त विंग कमांडर अभिनंदन इसी 51वीं स्कॉवड्रन में तैनात थे। 

जानकारी के मुताबिक, अब इस‌ 51वीं स्कॉवड्रन में तैनात सभी बायसन जेट्स‌ के पायलट्स उड़ान के वक्त‌ अपने जी-सूट (यानि यूनिफार्म) पर इस खास 'फाल्कन सेल्यर्स' का बैज (बिल्ला) लगाएंगे। लेखक ने इस 'फ्लाइंग-पैच' को देखा है।

गौरतलब है कि वायुसेना ने इन खास बैज को 'बल्क' में बनाने का ऑर्डर दे दिया है। आपको बता दें कि इस बिल्ले पर 'एमराम डोजर्स' भी लिखा है। एमराम मिसाइल पाकिस्तान के एफ16 विमान एमराम मिसाइल से लैस होते हैं। 27 फरवरी को जब पाकिस्तान के एफ16 विमानों की भारत के बायसन और सुखोई फाइटर जेट्स से डॉग-फाइट हुई थी तो उन्होनें (एफ16 ने) एमराम मिसाइल से वार किया था। लेकिन बायसन और सुखोई विमानों ने एमराम मिसाइल को 'डोज' यानि चकमा दे दिया था, जिससे अमेरिका में बनी एडवांस मिसाइल, एमराम का वार खाली चला गया था। 

यही वजह है कि भारत के सुखोई विमानों का जो नया बैज आया है‌ उसपर 'एवेंजर' के साथ साथ 'एमराज डोजर्स' भी लिखा है।  

आपको बता दें कि बालाकोट में जैश ए मोहम्मद कए टेरर कैंप पर हुई भारत की एयर-स्ट्राइक से बिलबिलाए पाकिस्तान ने अगले दिन यानि 27 फरवरी की सुबह अपने एफ16-फाल्कन, जेफ-17 और मिराज लड़ाकू विमानों से भारत की सैन्य ठिकानों पर हमला करने की  कोशिश की थी, जिसे भारतीय वायुसेना के सुखोई, बायसन और मिराज लड़ाकू विमानों ने नाकाम कर दिया था। इसी डॉग-फाइट में एक बायसन लड़ाकू विमान पर सवार विंग कमांडर अभिनंदन ने अमेरिका में बने एफ16 फाइटर जेट का मार गिराया था। लेकिन इस दौरान अभिनंदन पाकि‌स्तान की सीमा में पहुंच गए और उनका मिग-21 बायसन क्रैश हो गया‌ और पाकिस्तानी सैनिकों ने उन्हें बंधक बना लिया था (हालांकि बाद में रिहा कर दिया था)।

गौरतलब है कि पाकिस्तान ने भी अपनी उस‌ स्कॉवड्रन के लिए 'आई‌ एम सॉरी' का बैज दिया है जिसने अभिनंदन के साथ डॉग-फाइट की थी। हालांकि, अभिनंदन ने कभी भी पाकिस्तान में दाखिल होने के लिए माफी नहीं मांगी थी। 

Saturday, May 11, 2019

भारत को अमेरिका से मिला 'अपाचे' अटैक हेलीकॉप्टर


भारतीय वायुसेना को अपना पहला 'अपाचे' लड़ाकू हेलीकॉप्टर मिल गया है. अमेरिकी शहर एरिजोना में शुक्रवार को एक कार्यक्रम में इंडियन एयरफोर्स के अधिकारकियों ने इसे वायुसेना में शामिल किया. इस हेलीकॉप्टर का निर्माण बोइंग कंपनी ने किया है. बता दें कि भारत ने सितंबर 2015 में 22 अपाचे हेलीकॉप्टर की डील अमेरिकी सरकार से की थी.

अपाचे-गार्जियन हेलीकॉप्टर दुश्मनों पर सटीक निशाने के साथ हमला करने में भी समर्थ है. इसकी मदद से ग्राउंड पर क्या हो रहा है इसकी फोटोग्राफी भी की जा सकती है, जो युद्ध के मैदान से सबूत उठाने का काम भी बखूबी कर सकता है। गौरतलब है कि बालाकोट एयर-स्ट्राइक के दौरान मिराज फाइटर जेट्स टारगेट की फोटो लेने में नाकाम रहे थे, जिसके चलते पाकिस्तान हमले में किसी बड़े नुकसान को नकारता रहा.

 एएच-64 ई (आई) हेलीकॉप्टर की पहली खेप, जिसमें 09 हेलीकॉप्टर होंगे, समुद्री मार्ग के जरिए जुलाई के महीने में भारत लाई जाएगी. अगले 13 हेलीकॉप्टर भी 2020 तक आने की उम्मीद है।  इस हेलीकॉप्टर की ट्रैनिंग के लिए भारतीय वायुसेना के कुछ चुने हुए अधिकारियों को अलबामा स्थित यूएस आर्मी बेस में ट्रेनिंग दी गई है. अपाचे हेलीकॉप्टर की पहली यूनिट पाकिस्तान की सीमा के करीब पठानकोट में तैनात की जायेगी।‌ एक यूनिट असम के जोरहाट में होगी.

इस हेलीकॉप्टर के भारतीय वायुसेना में शामिल होने से इसकी शक्ति बढ़ेगी और आधुनिक हेलीकॉप्टर से यह लैस होगी. इस हेलीकॉप्टर की सबसे खास बात ये है कि पहाड़ी इलाकों में यह फौलादी इरादे के साथ आसमान में चक्कर लगा सकता है. इसे भारतीय वायुसेना की जरूरतों के हिसाब से बनाया गया है.

Friday, May 10, 2019

कराची से गलत दिशा में आ रहे विमान की भारत के फाइटर जेट्स ने कराई जयपुर में लैंडिंग

कराची से भारत की एयर-स्पेस में गलत दिशा से दाखिल होने के चलते जार्जिया के एक कार्गो प्लेन को भारतीय वायुसेना के सुखोई लड़ाकू विमानों ने जयपुर एयकपोर्ट पर जबरदस्ती लैंडिंग कराई. ये एएन12 विमान जार्जिया की राजधानी तिल्बिसी से उड़कर कराची के रास्ते दिल्ली आ रहा था. देर जयपुर में इस विमान के पायलट और क्रू के दूसरे सदस्यों से वायुसेना और इंटेलीजेंस एजेंसियां कड़ी पूछताछ कर रहीं थीं.  


भारतीय वायुसेना के प्रवक्ता, ग्रुप कैप्टन अनुपम बैनर्जी ने एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए कहा कि दोपहर 3.15 बजे एक विमान ने उत्तरी गुजरात से भारत की हवाई-सीमा में दाखिल होने की कोशिश की. हालांकि इस विमान का आईएफएफ (यानि आईडिंटिफिकेशन, फ्रेंड ओर फो) चालू था लेकिन इसने निर्धारित एयर-ट्रैफिक रूट नहीं लिया था और भारत की एटीसी द्वारा की गई रेडियो-कॉल्स का भी जवाब नहीं दिया. क्योंकि मौजूदा जियो-पोलिटिकल परिस्थितियों (यानि बालाकोट एयर-स्ट्राइक और उसके बाद के भारत-पाकिस्तान संबंध)  के कारण ये रूट बंद था इसलिए जैसे ही इस विमान ने गलत रूट लिया, फौरन ही एयर डिफेंस को अलर्ट कर दिया गया और सुखोई लड़ाकू विमानों को स्क्रैमब्ल (SCRAMBLE) किया गया. 

जानकारी के मुताबिक, उस वक्त ये विमान करीब 27 हजार फीट की ऊंचाई पर था और पता चला कि एक एएल12 विमान है. इसके बाद ना तो इंटरनेशनल डिस्ट्रेस फ्रीकवंसी और ना ही विजयुल सिग्लन का इस विमान ने जवाब दिया. इसके बाद सुखोई विमानों ने इसे गिराने की चेतावनी दी, तब जाकर पायलट्स ने जवाब दिया और बताया कि विमान तिब्लसी (जार्जिया की राजधानी) से दिल्ली आ रहा था कराची के रास्ते. 

इसके बाद इस विमान को जयपुर मे जांच पड़ताल के लिए जयपुर ले जाया गया जहां पर इसके पायलट्स से पूछताछ की जा रही है. पूछताछ में पता करने की कोशिश की जा रही है कि आखिर प्लेन डेवियेट क्यों हुआ. ये विमान किन कारणों से दिल्ली आ रहा था और क्या इसमें कोई सामान था. 

सूत्रों के मुताबिक, ये एएन12 विमान यूक्रेन की एक एयरलाइंस कंपनी का है जो कार्गो की नॉन-शेडूय्लूड सर्विस देती है. यानि की घंटे या फिर किलोमीटर के हिसाब से अपने इन विमानों को किराये पर देती है. यूक्रेन की ये कंपनी एयरक्राफ्ट के इंजन भी बनाती है. 

आपको बता दें कि ये एएन12 विमान पूर्व सोवियत संघ में बनाए गए थे जिन्हें आज भी कई देश इस्तेमाल कर रहे हैं. भारतीय वायुसेना भी एक समय में इन एएन12 विमानों का इस्तेमाल करती थी. लेकिन 90 के दशक मे ये रिटायर हो गए थे. आजकल भारतीय वायुसेना एएन32 विमान ओपरेट करती है. 

आपको बता दें कि बालाकोट एयर-स्ट्राइक के बाद और उसके बाद उपजे हालात के बाद से ही भारतीय वायुसेना बेहद अलर्ट है. पाकिस्तान की तरफ से आनी वाली सभी फ्लाईट्स को भी दक्षिण भारत के रास्ते से ही भारत की एयर स्पेस में दाखिल होने की इजाजत है. ऐसा ना करने पर भारतीय वायुसेना आदेश ना मानने वाले विमान के खिलाफ जरूरी कारवाई कर सकती है. पाकिस्तान ने भी बालाकोट हमले के दो महीने बाद तक भी अपनी एयर-स्पेस को पूरी तरह से नो फ्लाईंग जोन घोषित कर रखा था. 

अब अक्षय कुमार के युद्धपोत पर होने से बरपा हंगामा


पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा नौसेना के एयर-क्राफ्ट कैरियर, आईएनएस विराट को निजी-टैक्सी की तरह इस्तेमाल करने का विवाद थमा भी नहीं था कि अब कांग्रेस की एक नेता ने ट्वीटर पर अक्षय कुमार को नौसेना के युद्धुपोत पर सवार होने पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कांग्रेस का सोशल मीडिया संभालने वाली दिव्या स्पंदना ने इसको लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कटघरे में खड़ा कर दिया है. लेकिन लेखक‌
को पुख्ता जानकारी है कि इसके लिए अक्षय कुमार को नौसेना ने आमंत्रित किया था. मौका था इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू (आईएफआर) का, जो विशाखापट्टनम में वर्ष 2016 में हुआ था. लेखक भी इस अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम की कवरेज के लिए वहीं मौजूद था. 

पेशे से एक्टर दिव्या स्पंदना ने अपने ट्वीटर एकाउंट पर एक फोटो साझा की जिसमें अक्षय कुमार सैल्यूट की दशा में नौसेना के युद्धपोत, आईएनएस सुमित्रा में सवार हो रहे हैं. साथ में नौसेना के अधिकारी भी है. इस पर टिप्पणी करते हुए दिव्या ने लिखा है, "ये ठीक था? नरेन्द्र मोदी आप एक कनाडा के नागरिक अक्षय कुमार को अपने साथ आईएनएस सुमित्रा में ले गए." साथ में उन्होनें एक लिंक भी शेयर किया और हैशटैग लिखा 'सबसे बड़ा झूठा मोदी.'

दरअसल, 5-6 फरवरी को विशाखापट्टनम में भारतीय नौसेना ने आईएफआर का आयोजन किया था. इस कार्यक्रम में दुनियाभर की 48 देशों की नौसेना ने हिस्सा लिया था. 6 फरवरी को देश के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने प्रेसिडेंशयल-यॉट में अंतर्राष्ट्रीय जंगी बेड़े की समीक्षा भी की थी. इसके लिए नौसेना के जहाज, आईएनएस सुमित्रा को प्रेसिडेंशयल-यॉट में तब्दील किया गया था. इस जहाज में समीक्षा के वक्त सशस्त्र सेनाओं के सुप्रीम कमांडर (यानि राष्ट्रपति) के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी. रक्षा मंत्री मनोहर पर्रीकर, तीनों सेनाओं के प्रमुख. सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे. उसी यॉट में अक्षय कुमार भी मौजूद थे. 

कार्यक्रम खत्म होेने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अक्षय कुमार के बेटे के कान मरोड़े थे, जिसका फोटो वायरल हो गया था. 

5 फरवरी को आईएफआर की ओपनिंग सेरेमनी थी जिसमें अक्षय कुमार के साथ साथ कंगना रनावत भी मौजूद थीं. सेरेमनी की ओपनिग के बाद नौसेना ने प्रेस रिलीज जारी कर दोनों को आईएफआर का ब्रेंड-एम्बेसडर घोषित किया था. 

लेकिन कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब तत्कालीन रक्षा मंत्री मनोहर पर्रीकर ने एक प्रेंस कांफ्रेस को संबोधित किया, तो ब्रांड एम्बेसडर पर सवाल पूछा गया. इसपर रक्षा मंत्री ने साफ तौर से इंकार कर दिया कि आईएफआर को किसी ब्रांड एम्बेसडर की जरूरत है. उन्होनें साफ किया कि दोनों ही बालीवुड स्टार्स का लेकिन आमंत्रित किया गया था. इसके बाद नौसेना के प्रवक्ता ने भी मीडिया से सफाई दी कि अक्षय कुमार और कंगना रनावत आईएफआर के ब्रांड एम्बेसडर नहीं हैं. 

Thursday, May 9, 2019

भारत फ्रांस की नौसेनाएं कर रही हैं 'वरूणा' एक्सरसाइज



अरब सागर में इनदिनों भारत और फ्रांस की नौसेनाएं एक दूसरे की पनडुब्बी को खोजने का युद्धभ्यास कर रही हैं. इस युद्धभ्यास का नाम है वरूणा. हालांकि, ये दोनों देशों के बीच 17वां युद्धभ्यास है लेकिन खास बात ये है कि ऐसा पहली बार हुआ है कि कोई नौसेना अपनी परमाणु पनडुब्बी के साथ भारत की समुद्री सीमाओं में पहुंची है. वो भी युद्धभ्यास के लिए. इसके अलावा फ्रांस की नौसेना का एयरक्राफ्ट कैरियर, एफएनएस चार्ल्स डी गुएल और उसपर तैनात राफेल लड़ाकू विमान भी इस खास युद्धभ्यास का हिस्सा है जो 1 मई से 10 मई तक अरब सागर में चल रहा है. इस युद्धभ्यास का दूसरा चरण, अफ्रीकी देश, जिबूती में होगा, जहां पर कुछ समय पहले चीन ने अपना पहला विदेशी मिलिट्री-बेस बनाया है.

नौसेना के प्रवक्ता, कैप्टन डी के शर्मा के मुताबिक, युद्धभ्यास के पहले चरण का अभ्यास सात दिनों तक गोवा में चला था. जहां पर दोनों देशों के नौसैनिकों ने एक दूसरे के जंगी-जहाज, लड़ाकू विमान और पनडुब्बियों को समझने के साथ-साथ एक-दूसरे के वॉर-गेम्स के लिए टेबल-टॉप एक्सरसाइज की. आखिरी तीन दिन (8-10 मई) दोनों देशों की नौसेनाएं समंदर में एक्सरसाइज कर रही हैं.

फ्रांस की नौसेना की तरफ से वरूणा युद्धभ्यास में हिस्सा लेने के लिए चार्ल्स डी गुएल और एक परमाणु पनडुब्बी के साथ साथ दो विंध्वंसक युद्धपोत, फोरबिन और प्रोविंस, एक फ्रीगेट लाटुचे-ट्रेविले और टैंकर मार्ने हिस्सा ले रहे हैं. भारतीय नौसेना की तरफ से विमान-वाहक युद्धपोत, आईएऩएस विक्रमादित्य, डेस्ट्रोयर आईएनएस मुंबई, तेग-क्लास फ्रीगेट तरकश, शिशुमार क्लास पनडुब्बी, शंकुल और एक फ्लीट-टैंकर दीपक हिस्सा ले रहे हैं.

समुद्री युद्धभ्यास में दोनों देशों के युद्धपोतों ने एक दूसरे की पनडुब्बी को ढूंढने का काम किया. इसके लिए टोही विमान और हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया गया, साथ ही दोनों देशों के एयरक्राफ्ट कैरियर पर तैनात लड़ाकू विमान, राफेल (चार्ल्स डी गुएल पर) और मिग-29के (विक्रमादित्य पर) ने मिलकर पिजेन-आईलैंड पर मिलकर गोलाबारी की. साथ ही एयर-डिफेंस को और मजबूत करने के लिए इन फाइटर जेट्स को एयरक्राफ्ट कैरियर के बजाए डेस्ट्रोयर्स को दे दिया गया. इसके साथ साथ दोनों देशों की जंगी जहाजों ने एक दूसरे की युद्धकला और बारीकियों को समझने के लिए अपने अपने टैंकर-जहाजों से एक दूसरे के युद्धपोतों की फ्यूलिंग यानि ईधन भरने का काम किया. जानकारी के मुताबिक, दोनों देश के जंगी जहाजों ने एरयिल टारगेट्स पर गोलाबारी भी की।

आपको बता दें कि पाकिस्तान स्थित ग्वादर पोर्ट तैयार करने के बहाने अरब सागर में लगातार चीन की पनडुब्बियां घूमती रहती हैं. ऐसे में वरूणा एक्सरसाइज में समंदर में सबमरीन ढूंढने का अभ्यास काफी अहम हो जाता है.

जानकारी के मुताबिक, इस महीने के आखिर में दोनों देशों का जंगी बेड़ा, हार्न ऑफ अफ्रीका स्थित देश जिबूती की तरफ रूख करेगा. क्योंकि वरूणा एक्सरसाइज का आखिरी चरण वहीं पर होना है. जिबूती में फ्रांस नौसेना का सैन्य-अड्डा है. हाल ही में चीन ने भी जिबूती में अपना एक मिलिट्री-बेस तैयार किया है. अमेरिका का भी यहां काफी समय से एक बड़ा सैन्य-अड्डा है. यहीं से अमेरिका सीरिया और ईराक में अपने ऑपरेशन्स करता है. इसके साथ साथ सोमिलायाई समुद्री-लुटेरों पर नकेल कसने के लिए भी ये मिलिट्री बेस काफी महत्वपूर्ण हैं.