Saturday, June 8, 2019

भारत की पहली स्पेस-वॉर एक्सरसाइज‌‌ अगले महीने


अंतिरक्ष में लगातार चीन के बढ़ते दबदबे‌ के बीच भारत पहला स्पेस-वॉर युद्धभ्यास करने जा रहा है।‌ ये  एक्सरसाइज जुलाई के आखिरी हफ्ते में होगी जिसमें भारत अंतरिक्ष में अपनी ताकत परखने की कोशिश करेगा। आपको बता दें कि मार्च के महीने में ही भारत ने पहली एंटी-सैटेलाइट,‌ एसैट मिसाइल का सफल परीक्षण किया था।

रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने एबीपी न्यूज को बताया कि 'इंटस्पेसएक्स' नाम की इस‌‌ एक्सरसाइज में सैन्य-अधिकारियों के साथ साथ स्पेस-साईंटिस्ट और इस क्षेत्र में रिसर्च कर रहे स्कॉलर्स भी हिस्सा लेंगे। ये एक 'टेबल-टॉप' एक्सरसाइज होगी जिसे रक्षा मंत्रालय के‌ अंतर्गत आने वाली नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी आयोजित करेगी।‌

आपको बता दें कि चीन ने हाल ही में यैलो-सी से एक साथ सैटेलाइट और एक रॉकेट को लांच किया था। हालांकि इस‌ लांच की और ज्यादा जानकारियां सामने नहीं आई लेकिन माना जा रहा है कि सैटेलाइट के साथ रॉकेट को लांच करना दिखाता है कि चीन स्पेस में अपना दबदबा कायम करना चाहता है। हालांकि चीन ने एंटी-सैटेलाइट मिसाइल वर्ष 2007 में ही लांच कर दी थी, लेकिन हाल ही में जो लांच किया गया वो समंदर में एक प्लेटफार्म किया गया।

भारत की इंडस्पेएसएक्स एक्सरसाइज से जुड़े एक सैन्य अफसर के मुताबिक, एसैट मिसाइल के सफल परीक्षण से भारत भी स्पेस-पॉवर की श्रेणी में आ गया है और अंतिरक्ष में अपने संसाधनों की सुरक्षा बेहद जरूरी है। इस‌ वॉर-गेम्स के जरिए भारत अपनी ताकत को परखने का काम करेगा।

आपको बता दें कि हाल ही में भारत ने डिफेंस‌ स्पेस एजेंसी का गठन किया है जो खास तौर से अंतरिक्ष में भारत के सैटेलाईट्स इत्यादि की सुरक्षा का दायित्व निभाएगी। ये स्पेस एजेंसी ट्राई-सर्विस होगी यानि इसमें वायुसेना और नौसेना के साथ साथ थलसेना के अधिकारी भी होंगे।‌ इसका मुख्यालय माना जा रहा है कि बेंगलुरू में होगा और फिलहाल जितने में सैटेलाइट इमेजरी सेंटर्स हैं वो सीधे इस स्पेस एजेंसी को रिपोर्ट करेंगे। वायुसेना का एक टू-स्टार ऑफिसर यानि एयर वाइस मार्शल रैंक का अधिकारी इसका मुखिया होगा। निकट भविष्य में इस एजेंसी को यूएस और चीन की तर्ज पर स्पेस कमांड भी बदल दिया जायेगा।

Thursday, June 6, 2019

लापता एएन32 के क्रू मेम्बर्स के परिवारवालों ने रक्षा मंत्री से की मुलाकात।


वायुसेना के लापता हुए एएन32 विमान के क्रू-मेम्बर्स के परिवारवालों ने आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की. जानकारी के मुताबिक, रक्षा मंत्री ने परिवारवालों को भरोसा दिलाया कि विमान को खोजने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जायेगी. इस बीच आज हेलीकॉप्टर्स के साथ साथ विमान को खोजने के लिए यूएवी का भी इस्तेमाल किया गया. रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, सर्च ऑपरेशन रात में भी जारी रहेगा.

आपको बता दें कि वायुसेना का मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट, एएन32 3 जून को  असम के जोरहट से अरूणचाल प्रदेश के मेचूका जाते समय लापता हो गया था. विमान की आखिरी लोकेशन अरूणाचल प्रदेश के एलोंग में देखी गई थी जो चीन सीमा से महज 50 किलोमीटर की दूरी पर है. इस विमान में पायलट समेत कुल 13 लोग सवार थे. पायलट एक विंग कमांडर रैंक के अधिकारी चला रहे थे. इसके अलावा एक स्कॉवड्रन लीडर. चार फ्लाईट लेंफ्टिनेंट और सात एयरमैन सवार थे. 

विमान में सवार एक फ्लाईट लेफ्टिनेंट की पत्नी तो उस वक्त जोरहट एटीसी में ही अपने पति के विमान को मोनिटर कर रही थीं। ये युवा अधिकारी दिल्ली के करीब पलवल इलाके का रहने वाला था। रक्षा मंत्री से आज मिलने वाले परिवारों में पलवल के इस अधिकारी का परिवार भी शामिल था।

विमान के लापता होने के बाद ही वायुसेना ने युद्धृस्तर पर सर्च एंड रेस्कयू ऑपरेशन शुरू कर दिया था. जिसके लिए सी130जे विमान, सुखोई फाईटर जेट, मी17 और एएलएच हेलीकॉप्टर शामिल हैं. नौसेना के टोही विमान पी8आई और थलसेना के यूवीए भी इस्तेमाल किए गए हैं. इसरो की रिसैट और कारटोसैट सैटेलाइट्स का भी इस्तेमाल किया गया. लेकिन विमान का आजतक कोई अता पता नहीं है.

जानकारी के मुताबिक, अरूणाचल प्रदेश का ये इलाका दुर्गम पहाडियों और घने जंगलों वाला हैं जिसके चलते विमान को खोजने में दिक्कत आ रही है. इसके अलावा इलाके में बारिश और खराब मौसम के चलते सर्च ऑपरेशन में खासी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है. खुद रक्षा मंत्री पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

Monday, May 27, 2019

करगिल के शहीद की‌ याद के जरिए वायुसेना की दुश्मन को कड़ी चेतावनी



करगिल युद्ध के ठीक बीस‌ साल बाद वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बी एस‌ धनोआ ने अपने साथी फाइटर पायलट्स के साथ आज पंजाब के भटिंडा एयरबेस पर फाइटर जेट उड़ाया। मौका था अपने साथी, स्कॉवड्रन लीडर अजय आहूजा की शहादत‌ को श्रद्धांजलि देने का। वही अजय‌ आहूजा जो करगिल युद्ध के दौरान अपने मिग21टाईप 96 उड़ाते वक्त पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में दाखिल हो गए थे। पाकिस्तान ने उनके फाइटर जेट को मार गिराया था और‌ अजय आहूजा की बड़े ही बेरहमी से हत्या कर दी थी। अजय आहूजा उस वक्त भटिंडा में ही तैनात थे और उनके कमांडिंग ऑफिसर थे मौजूदा एयरफोर्स चीफ बी एस‌ धनोआ। बी‌ एस‌ धनोआ ने पश्चिमी कमान के मुखिया, आर नांबियर के साथ मिसिंग-मैन फॉरमेशन में उसी मिग21 टाइप96 को उड़ाया जिसे अजय आहूजा उड़ाते थे।

मिसिंग-मैन फॉरमेशन में वायुसेना प्रमुख बी एस‌ धनोआ ने पहले चार फाइटर जेट्स के साथ उड़ाने भरी और फिर उनमें से एक कम यानि तीन में उड़ान भरी जो उनके साथी‌ अजय आहूजा का लड़ाकू विमान कम हो गया था।

भटिंडा एयरबेस पाकिस्तान के खिलाफ हमेशा से एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आया है। फिर वो करगिल युद्ध हो या फिर हाल ही में हुई बालाकोट एयर-स्ट्राइक। करगिल युद्ध के दौरान हजारो फीट उंचाई पर डेरा जमाए दुश्मन के बंकरों पर यही पर तैनात लड़ाकू विमानों से गोलाबारी की जाती थी, तो बालाकोट स्ट्राइक के दौरान इसी एयरबेस पर भारतीय वायुसेना ने अपना कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया था।

बालाकोट एयर स्ट्राइक के दौरान भटिन्डा एयरबेस पर तैनात एवैक्स‌ यानि एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम विमान के जरिए पाकिस्तान की हर चाल पर नजर रखी गई थी।‌ एवैक्स विमान की इस स्कॉवड्रन को भगवान शिव के बेटे स्कंद के नाम पर रखा गया है जिन्हें 'युद्ध का स्वामी' कहा जाता है। क स्कंद के बारे में कहा जाता है कि उन्होनें देवताओं को राक्षसों के खिलाफ लड़ने के लिए इकट्ठा किया था। बालाकोट स्ट्राइक के दौरान एवैक्स विमान पाकिस्तानी सीमा के करीब आसमान से करीब 500 किलोमीटर के दायरे में नजर गड़ाए हुए था कि पाकिस्तान की तरफ से भारत के मिराज-2000 फाइटर जेट्स के खिलाफ तो कोई लड़ाकू विमान तो नहीं उड़ा है। अगर ऐसा होता तो भारतीय वायुसेना को तुरंत अलर्ट कर दिया जाता।

ना केवल बालाकोट‌ एयर स्ट्राइक के दौरान बल्कि अगले दिन यानि 27 फरवरी को जब पाकिस्तान ने एलओसी के करीब भारतीय सेना की छावनियों और गोला-बारूद के स्टोर्स पर हमला करने की कोशिश की तो सबसे पहले इस स्टेशन ने भारत के सुखोई, मिराज और मिग-21बाइसन लड़ाकू विमानों को अलर्ट किया था। भारतीय‌ वायुसेना की जब पाकिस्तान से डॉग-फाइट हुई तो भटिन्डा एयरबेस से ही सुखोई और विंग कमांडर अभिनंदन के मिग-21बाईसन को दिशा-निर्देश दिए जा रहे थे। यही वजह थी कि भारतीय वायुसेना पाकिस्तान के एफ-16 स्थित हो या फिर चीन के जेएफ-17 लड़ाकू विमानों को खदेड़ने में कामयाब रही थी।

आपको बता दें कि भले ही भारतीय‌ वायुसेना ने सफलता पूर्वक बालाकोट एयर स्ट्राइक को अंजाम दिया हो या फिर डॉग फाइट में पाकिस्तान कए एफ16 विमान को मार गिराया हो, लेकिन इस दौरान एक ऐसी घटना के बारे में ऐसी जानकारी पता चली है जिससे देश की सुरक्षा की चिंता बढ़ा दी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, 27 फरवरी को विंग कमांडर अभिनंदन जानबूझकर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में दाखिल नहीं हुए थे। दरअसल, उस‌ दौरान पाकिस्तान ने एलओसी पर इलेक्ट्रोनिक जैमर लगाए हुए थे जिससे भारतीय वायुसेना के सिग्नल्स को जाम किया जा सकता था। यही वजह है कि जब अभिनंदन एलओसी के करीब पहुंचे तो उन्हें सिग्नल मिलना बंद हो गए थे।‌

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, विंग कमांडर अभिनंदन जब एलओसी के करीब पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों का पीछा कर रहे थे तो भटिन्डा एयरबेस ने उन्हें 'गो-कोल्ड' यानि वापस आने का निर्देश दिया था। लेकिन माना जा रहा है कि पाकिस्तान ने अपनी सीमा के करीब इलेक्ट्रोनिक-जैमर लगा रखे थे ताकि भारतीय वायुसेना के सिगन्लस को जाम कर दिया जाए। यही वजह है कि अभिनन्दन भटिन्डा एयरबेस‌ से दिए गए निर्देश को नहीं सुन पाए और पीओके में दाखिल हो गए।

सूत्रों के मुताबिक, चीन ने ही पाकिस्तान को इलेक्ट्रोनिक जैमर मुहैया कराए हैं जिससे किसी भी देश के लड़ाकू विमानों के सिगन्लस को कुछ किलोमीटर के दायरे में जाम किया जा सकता है। इससे फाइटर पायलट को कमांड एंड कंट्रोल से मिल रहे दिशा निर्देश नहीं मिल पाते हैं और उसे अपने ऑपरेशन करने में खासी दिक्कत आती है।

पहले जेफ-17 लड़ाकू विमान मुहैया कराना और फिर इलेक्ट्रोनिक जैमर देना, चीन लगातार पाकिस्तान को सैन्य-तौर से भारत के खिलाफ मजबूत करने में जुटा है। भारत को चीन और पाकिस्तान के इस सैन्य-गठजोड़ से जमकर मुकाबला करने की जरूरत है ताकि जरूरत पड़ने पर उसका मुंह तोड़ जवाब दिया जा सके‌।

लेकिन भारतीय की पश्चिमी वायु कमान के कमांडर इन चीफ, एयर मार्शल आर नांबियार ने एबीपी न्यूज से साफ तौर से कहा कि  भारतीय वायुसेना चीन और पाकिस्तान के किसी भी सैन्य गठजोड़ के खिलाफ मुकाबला करने के लिए तैयार है।‌ आपको बता दें कि पश्चिमी वायुकमान चीन और पाकिस्तान दोनों की ही सीमा से सटी एक बड़ी एयर-स्पेस‌ की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालती है।

वायुसेना प्रमुख बी‌ एस धनोआ की मानें तो चिनूक, अपाचे और राफेल लड़ाकू विमानों के एयर फोर्स में शामिल होने से भारत को चीन और पाकिस्तान पर स्ट्रेटजिक-एैज यानि निर्णायक धार मिल जायेगी।

साफ है राफेल विमान भारत के लिए दुश्मन के खिलाफ गेम चेंजर साबित होगा। साथ ही हाल में सुखोई विमानों में ब्रह्मोस मिसाइल लगने से वायुसेना की मारक क्षमता कई गुना बढ़ गई है। यानि आने वाले दिनों में भारतीय वायुसेना वाकई नई उंचाईयों को छूने जा रही है।

Wednesday, May 22, 2019

मॉडर्न गैजेट्स से लैस हों सुरक्षा से जुड़ें लोग: अजीत डोवाल


राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल ने आज देश की सुरक्षा एजेंसियों को भविष्य में होने वाली चुनौतियों से मुकाबले करने के लिए आधुनिक टेक्नोलोजी और मार्डन गैजे़ट्स को अपनाने की नसीहत दी. अजीत डोवाल आज राजधानी दिल्ली में बीएसएफ के अलंकृण समारोह में बोल रहे थे. 

एनएसए अजीत डोवाल के मुताबिक, "नेशनल सिक्योरि़टी के लिए रोज एक नई चुनौती होती है. इसलिए हमें (सुरक्षा एजेंसियों) को अपने-आप को रिइंवेंट करना पड़ता है ताकि कल आने वाले लड़ाई लड़ाई के लिए तैयारी रखी जा सके." अजीत डोवाल के कहा कि  देश में आने वाले समय की सुरक्षा-चुनौतियों और ज्यादा गंभीर हो सकती हैं, इसलिए प्रोद्यौगिकी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी. इसके लिए मार्डन टेक्नोलोजी और गैजेट्स पर हमें जोर देना चाहिए.

बीएसएफ के वीर जवानों को बहादुरी मेडल देने के समय एनएसए ने कहा कि बीएसएफ का हर सिपाही बेहद बहादुर है और देश के लिए आहुति देने के लिए तैयार रहता है. देश आज जो सुरक्षित है उसमें बीएसएफ की एक महत्वपूर्ण भूमिका है.

आगे उऩ्होनें कहा कि अंलकृण समारोह की विशेष महत्ता होती है. हर मनुष्य को अपने प्राण प्यारे होते हैं, लेकिन कुछ के लिए देश ज्यादा प्यारा होता है. इसलिए सभी शहीदों को नमन करता हूं और हम सभी उनके प्रति अभारी हूं. 

नौसेनाध्यक्ष के पद के लिए वरिष्टता ही नहीं योग्यता भी जरूरी: एएफटी


आर्म्ड फोर्स ट्राईब्यूनल यानि एएफटी ने सरकार को आदेश दिया है कि 29 मई को नए नौसेनाध्यक्ष बनाए जाने से जुड़ी प्रक्रिया के सारे दस्तावेज कोर्ट के सामने पेश करे. ये आदेश एएफटी ने वाईस एडमिरल बिमल वर्मा की उस याचिका पर दिया जिसमें उन्होनें अपने से जूनियर अधिकारी को नया नौसेना प्रमुख बनाए जाने पर ऐतराज जताया था. एएफटी ने अपील मंजूर करते हुए कहा कि अगर जरूरत हुई तो नए नौसेनाध्यक्ष की 31 मई को होने वाली नियुक्ति पर भी रोक लगाई जा सकती है.

आपको बता दें कि सरकार ने नौसेना के सबसे सीनियर अधिकारी, वाईस एडमिरल बिमल वर्मा की अनदेखी कर उनसे छह महीने जूनियर अधिकारी, वाईस एडमिरल करमबीर सिंह को नया नौसेना प्रमुख घोषित कर दिया है. करमबीर सिंह 31 मई को रिटायर हो रहे मौजूदा नौसेनाध्यक्ष एडमिरल सुनील लांबा की जगह लेंगे.

अपने को नजरअंदाज करने पर बिमल वर्मा ने एएफटी के कहने पर रक्षा मंत्रालय में अपील की थी. लेकिन रक्षा मंत्रालय ने मेरिट यानि योग्यता का हवाला देकर बिमल वर्मा की अपील खारिज कर दी थी. रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, नौसेनाध्यक्ष की नियुक्ति के लिए सीनियोरिटी यानि वरिष्टता ही मापदंड नहीं हो सकता है. साथ ही तीन आधार पर बिमल वर्मा को इस पद के लिए योग्य नहीं माना गया. इसमें पहला है वर्ष 2008 में उनके खिलाफ नौसेना द्वारा जारी किया एक डिस्पेलजर-लैटर जिसमें नौसेना के ओपरेशन्स-डायेरेक्टरेट में तैनाती के दौरान संवेदनशील दस्तावेजों का लीक होना (नेवल वार रूम लीक मामला). दूसरा, नौसेना की कोई ओपरेशनल कमांड की कमान ना संभालना और तीसरा, परम विशिष्ट सेवा मेडल (पीवीएसएम) ना मिलना.

एएफटी की मुख्य (प्रधान) बेंच के चैयरपर्सन, जस्टिस वीरेन्द्र सिंह ने जनरल करियप्पा से लेकर जनरल वैद्य और मौजूदा थलसेनाध्यक्ष, जनरल बिपिन रावत का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले भी ऐसा देखा गया है कि सैन्य-प्रमुख की नियुक्ति के दौरान वरिष्टता को नजरअंदाज कर दिया गया. लेकिन इस बार एक वाईस एडमिरल रैंक के अधिकारी ने सरकार की नियुक्ति प्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं. इसलिए हम इसे एक गंभीर मामला मानकर जांच करना चाहते हैं कि क्या वाकई योग्यता ही मापदंड रखी गई है नए नौसेनाध्यक्ष की नियुक्ति के दौरान. जस्टिस वीरेन्द्र सिंह ने अंडमान निकोबार कमांड के कमांडिंग इन चीफ, बिमल वर्मा की याचिका को स्वीकार करते हुए कहा कि वे नहीं चाहते कि रिटायरमेंट के बाद वे (वर्मा) नींद के लिए एल्प्रैक्स की गोली खाएं।

इस बेंच में जस्टिस वीरेन्द्र सिंह के अलावा थलसेना के पूर्व सहसेनाध्यक्ष, लेफ्टिनेंट जनरल फिलीप कंपोस भी सदस्य‌ के तौर पर मौजूद थे। अब इस मामले की सुनवाई 29 मई को होगी।

सुनवाई के दौरान एएफटी ने कहा कि नौसेनाध्यक्ष के पद के लिए केवल वरिष्टता को आधार नहीं बनाया जा सकता। अगर ऐसा हुआ तो फिर ये एक क्लर्क का पद बन जायेगा। इसके लिए योग्यता भी जरूरी है। 

Tuesday, May 21, 2019

फॉग ऑफ वॉर और बडगाम हेलीकॉप्टर क्रैश


श्रीनगर के करीब बडगाम में हेलीकॉप्टर क्रैश मामले में वायुसेना के सूत्रों का दावा है कि जांच में अगर कोई अधिकारी दोषी पाया गया तो उसे सख्त से सख्त सजा दी जायेगी. साथ ही मामले की कोर्ट ऑफ इंक्वायरी ना केवल इस घटना के दोषियों को सजा देगी बल्कि भविष्य में ऐसी घटना ना हो जिसमें अपनी ही फायरिंग से अपने किसी विमान या हेलीकॉप्टर को मार गिराया जाये इसके लिए भी नए मापदंड तैयार करेगी. इसके साथ ही श्रीनगर एयर-बेस के एयर-आफिसर कमांडिंग का तबादला कर दिया गया है. 

आपको बता दें कि बालाकोट एयर-स्ट्राइक के अगले दिन यानि 27 फरवरी को जिस वक्त पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने एलओसी पर भारत के सैन्य-ठिकानों और गोला-बारूद स्टोर पर हमला करने की कोशिश की थी उसी दौरान श्रीनगर के करीब बडगाम में भारतीय वायुसेना का एक एमआई-17 हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था. इस घटना में हेलीकॉप्टर के पायलट समेत सभी छह क्रू-मेम्बर्स की मौत हो गई थी. एक सिविलयन की भी जान चली गई थी. भारतीय वायुसेना ने इस घटना की कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया था. हालांकि शुरूआत से ही इस घटना को माना जा रहा थ कि ये हेलीकॉप्टर 'फ्रेन्डली फायरिंग' का शिकार हुआ है, लेकिन भारतीय वायुसेना ने ये कहकर कुछ नहीं कहा था कि जांच जारी है. लेकिन अब इस मामले से जुड़ी जानकारियां सामने आने लगी हैं. माना जा रहा है कि श्रीनगर एयर-बेस के एओसी का तबादला भी इसी कड़ी से जोड़ कर देखा जा रहा है, जबकि वायुसेना का कहना है कि ये एक रूटीन पोस्टेड-आऊट (यानि ट्रांसफर) है. 

जानकारी के मुताबिक, जिस वक्त पाकिस्तानी वायुसेना ने एलओसी पर भारत की एयर-स्पेस में घुसकर हमला करने की कोशिश थी उसी वक्त श्रीनगर एयरबेस से एक एमआई-17 हेलीकॉप्टर उड़ा था. लेकिन कुछ ही मिनट बाद वो हेलीकॉप्टर श्रीनगर के करीब बडगाम में क्रैश हो गया था. दुर्घटना के तुरंत बाद ही एबीपी न्यूज की टीम मौके पर पहुंच गई थी. उस वक्त ही जिस गांव के करीब ये हेलीकॉप्टर गिरा था वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया था कि गिरने से पहले उन्होनें एक बम जैसी आवाज सुनी थी जिसके बाद ही हेलीकॉप्टर नीचे गिरा था. हालांकि, पायलट ने गांव से बचाकर एक खेत में हेलीकॉप्टर को उतारने की कोशिश की थी जिसमें थोड़ा पानी थी. लेकिन नीचे नीचे आते आते हेलीकॉप्टर पूरी तरह से आग के हवाले हो चुका था और उसमें मौजूद सभी क्रू-मेम्बर्स पूरी तरह से जल चुके थे., बामुश्किल ही उनके शवों को निकाला गया था. इस दौरान उनकी मदद करने के लिए आया गांव का एक युवक भी आग की चपेट में आया और उसकी भी मौत हो गई थी. 

सूत्रों के मुताबिक, जब श्रीनगर से ये हेलीकॉप्टर उड़ा तो इसका आईएफएफ-ट्रांसपोंडर यानि 'आईडिंंटिफिकेशन ऑफ फ्रैंड ऑर फो' आन नहीं था, जिसके चलते श्रीनगर एयरबेस के वेपन-टर्मिनल को पता नहीं चल पाया कि ये दुश्मन का विमान है या अपना. दुश्मन का यूएवी समझकर वायुसेना के वेपन-टर्मिनल ने इसपर इजरायली (सतह से हवा में मार करने वाली) स्पाईडर मिसाइल दाग दी, जिससे ये हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया. 

सूत्रों के मुताबिक, श्रीनगर एयर-बेस के एओसी को इसलिए ट्रांसफर किया गया है क्योंकि उन्होनें युद्ध जैसे हालात (बालाकोट एयर-स्ट्राइक के दौरान पूरी वायुसेना फुल अलर्ट पर थी) में भी हेलीकॉप्टर का आईएफएफ क्यों नहीं ऑन कराया था. तबादला इसलिए भी किया गया है क्योंकि श्रीनगर से उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही एटीसी ने हेलीकॉप्टर को वापस आने का निर्देश दे दिया था, लेकिन एयर-बेस के वैपन-टर्मिनल ने इसे दुश्मन का यूएवी समझकर मिसाइल दाग दी. यानि एटीसी और वैपन-टर्मिनल के बीच युद्ध के हालात में भी समन्वय नहीं था. ये एओसी की तरफ से एक बड़ी लापारवाही मानी जा रही है. माना जा रहा है कि इस घटना में एओसी सहित कुल चार अधिकारी जांच के दायरे में हैं. 

वायुसेना के सूत्रों ने साफ कर दिया कि दोषी अधिकारी 'फॉग ऑफ वॉर' का फायदा नहीं उठा सकते हैं. क्योंकि फॉग ऑफ वॉर के दौरान भी वायुसेना की अपनी एसओपी (य़ानि स्टैंडर्ड ओपरेटिंग प्रोसिजर) हैं. लेकिन ऐसा लगता है कि इन एसओपी का ध्यान नहीं रखा गया जिसके चलते ही इतना बड़ा हादसा हुआ. लेकिन सूत्रों का साफ कहना है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जायेगी अगर कोर्ट ऑफ इंक्वायरी में दोषी पाये गए. माना जा रहा है कि उनकर गैर-इरादतन हत्या के तहत कोर्ट मार्शल की कारवाई भी की जा सकती है. 

वायुसेना के प्रवक्ता ने हालांकि कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का हवाला देकर कहा है कि जबतक जांच पूरी नहीं हो जाती इस मामले पर आधिकारिक तौर से कुछ भी नहीं कहा जा सकता है. 

सूत्रों के मुताबिक, बडगाम हेलीकॉप्टर घटना की जांच में देरी इसलिए हो रही है क्योंकि क्रैश के बाद से हेलीकॉप्टर का ब्लैक-बॉक्स गायब है. पुलिस और वायुसेना के अधिकारियों को घटना की जगह से हेलीकॉप्टर का मलबा बरामद हुआ था उसमें ब्लैक-बॉक्स नहीं था. इसलिए पूरी मामले की जांच परिस्थितिजनक-साक्ष्यों के हिसाब से की जा रही है.

Wednesday, May 15, 2019

पैरा-एसएफ, गरूड़ और मार्कोस कमांडोज़ अब मिलकर करेंगे सर्जिकल-स्ट्राइक


देश की पहली स्पेशल फोर्स कमांडोज़ की एक अलग (और खास) डिवीजन को हरी झंडी मिल गई है. स्पेशल फोर्स ऑपरेशन्स डिवीजन नाम की इस यूनिट का पहला चीफ, मेजर जनरल अशोक ढींगरा को बनाया गया है. खास बात ये है कि एसएफओडी यूनिट में थलसेना के पैरा-एसएफ कमांड़ोज़ के साथ साथ वायुसेना के गरूड़ और नौसेना के मरीन कमांड़ोज़ यानि मार्कोस भी हिस्सा होंगे. ये यूनिट देश के लिए जरूरी खास मिशन को अंजाम देगी. युद्ध की स्थिति में इसे दुश्मन देश की सीमा में घुसकर सर्जिकल-स्ट्राइक जैसे ऑपरेशन करने के लिए इस्तेमाल किया जायेगा.

देश के बेहतरीन कमांडोज़ वाली ये यूनिट रक्षा मंत्रालय के अंर्तगत सीधे काम करने वाले इंटीग्रेटड डिफेंस स्टाफ (आईडीएस) के तहत ऑपरेट करेगी. आईडीएस का चीफ एक लेफ्टिनेंट-जनरल रैंक का अधिकारी होता है. पिछले साल तीनों सेनाओं के साझा सैन्य-कमांर्डस कांफ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस खास डिवीजन को बनाने का रास्ता साफ किया था. इसके अलावा तीनों सेनाओं में बेहतर तालमेल और समन्वय के लिए एक साझा डिफेंस साईबर एजेंसी और एक स्पेस एजेंसी बनाने को भी मंजूरी मिल चुकी है. 

एसएफओडी का चीफ थलसेना से होगा, तो साईबर एजेंसी की मुखिया नौसेना से होगा और स्पेस एजेंसी का नेतृत्व वायुसेना का एक टू-स्टार अधिकारी करेगा. हाल ही में नौसेना ने इस ट्राई-सर्विस साईबर एजेंसी का चीफ, रियर एडमिरल मोहित गुप्ता को नियुक्त किया था. माना जा रहा है कि जल्द ही वायुसेना भी स्पेस एजेंसी का चीफ, एयर वायस मार्शल एस पी धरकड़ को बनाया जायेगा।

जानकारी के मुताबिक, यूएस और दूसरे देशों की तर्ज पर ही एसएफओ़डी को तैयार किया जायेगा. मेजर-जनरल अशोक ढींगरा को इस साल के अंत तक अपनी खास ऑपरेशन डिवीजन का हेडक्वार्टर संरचना, ट्रैनिंग, हथियार और दूसरी मूल-भूत सुुविधाओं के बारे में पूरी रिपोर्ट आईडीएस मुख्यालय में पेश करनी है.
माना जा रहा है कि इसका मुख्यालय दिल्ली से बाहर आगरा, नाहन या फिर बेलगाम में हो सकता है जहां पर पहले से ही थलसेना के पैरा-एसएफ ट्रैनिंग सेंटर हैं (बहुत हद तक मुमकिन है कि मुख्यालय आगरा में होगा, जहां कमांडो़ज़ की हवाई ट्रैनिंग भी आसानी से हो सकती है). मेजर जनरल ढींगरा खुद एक पैरा कमांडो हैं और आगरा स्थित पैरा-ब्रिगे़ज की कमान संभाल चुके हैं. इसके अलावा वे यूएस में भारत के डिफेंस-अटैचे रह चुके हैं. श्रीलंका में आईपीकेएफ (शांति सेना) का भी हिस्सा थे.

एक लंबे समय से देश के स्पेशल फोर्स कमांडोज़ की साझा यूनिट की जरूरत थी. जैसाकि कश्मीर में वूलर-लेक और मणिपुर की लोकटक लेक में मरीन कमांडोज़ की जरूरत पड़ती थी, जबकि वहां थलसेना की मौजूदगी है. ऐसे में एसएफओडी ऐसी जगह पर काम करेगी (देश के भीतर और जरूरत पड़ने पर बाहर भी) जहां कही पैरा-एसएफ के साथ साथ मार्कोस की भी जरूरत पड़ती हो. इसके लिए ही हाल में अंडमान निकोबार द्वीप पर तीनों सेनाओं के कमांडो़ज़ ने बुल-स्ट्राइक नाम का एक साझा युद्धभ्यास किया था. अंडमान कमान भी आईडीएस के अंतर्गत काम करती है. 

माना जा रहा है कि एस डिवीजन में तीनों सेनाओं का अनुपात 5:3:2 का होगा. यानि 50 प्रतिशत थलसेना के कमांजोज़ होंगे, तो तीस प्रतशित वायुसेना (के गरूड़) और 20 प्रतिशत नौसेना के मार्कोस.शुरूआत में माना जा रहा है कि इस डिव में करीब 3000 कमांडोज़ होंगे, जिसमें करीब करीब दो हजार पैरा-एसएफ से होंगे और बाकी एक हजार नौसेना और वायुसेना से होंगे (आपको बता दें कि वायुसेना ने पठानकोट आतंकी हमले के बाद ही अपनी गरूड़ कमांडो टीम को खड़ा करने में तेजी लाई है). फिलहाल थलसेना में करीब करीब 6000 पैरा-एस कमांडोज़ है और नौसेना और वायुसेना में करीब करीब एक-एक हजार कमांडोज हैं. 

आपको बता दें कि पैरा-एस कमांडो़ज़ ने ही वर्ष 2106 में पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल-स्ट्राइक की थी और 2015 में म्यांमार सीमा पर उग्रवादी कैंपों के खिलाफ क्रॉस-बॉर्डर रेड की थी. एसएफओडी के बनने के बाद भी तीनों सेनाओं की स्पेशल फोर्सेज़ यूनिट्स अपना अपना काम करती रहेंगी. क्योंकि तीनों सेनाओं के अपने अपने कार्य-क्षेत्र हैं. एसएफओडी के कमांडोज़ तभी ऑपरेशन करेंगे जहां एक साथ दो या दो से ज्यादा तरह के कमांडो़ज़ की जरूरत होगी. जैसाकि किसी झील में या फिर समंदर में या फिर किसी आईलैंड पर कोई ऑपरेशन करना होगा, तभी एसएफओडी के कमांडोज़ की क्रेक-टीम अपने मिशन को अंजाम देंगी.